चतरा पुलिस ने 10 लाख का डोडा किया बरामद, पंजाब कनेक्शन की आशंका

Chatra: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 80...

Chatra: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 80 किलोग्राम प्रतिबंधित डोडा बरामद किया है. बरामद डोडा की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है.

SP को मिली थी गुप्त सूचना 

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के हरदीपुर गांव स्थित जोरदाग टोला में भारी मात्रा में डोडा संग्रहित कर पंजाब भेजने की तैयारी की जा रही है.

झाड़ियों से बरामद हुआ डोडा

सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरिया नागर गोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरदीपुर के जोरदाग टोला में छापेमारी की, जहां तस्कर चंदन यादव के घर के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखा गया लगभग 80 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया.

Also Read: शुभेंदु कैबिनेट 2.0 : बंगाल में मिशन 35 के जरिए नई सियासी बिसात, पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा टीम में शामिल

तस्कर मौके से फरार

हालांकि पुलिस की भनक लगते ही पंजाब से खरीदारी के लिए पहुंचे तस्कर, उसका सहयोगी तथा जायलो वाहन का चालक मौके से फरार होने में सफल रहे. पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज

डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि मामले में लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है. साथ ही पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा सके.

तस्करों को पुलिस की चेतावनी

पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चतरा पुलिस मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि तस्कर स्वयं इस अवैध धंधे से दूरी बना लें, अन्यथा पुलिस उन्हें चिन्हित कर कानून के शिकंजे में लाएगी.

पूरे नेटवर्क की जांच जारी

उन्होंने कहा कि जिले में सक्रिय हर तस्कर पुलिस की निगरानी में है और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. छापेमारी दल में लावालौंग थाना के सहायक अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *