चार माह तक बालू खनन पर रोक, जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध कारोबारियों पर प्रशासन का शिकंजा और कसने की तैयारी

Hazaribagh: जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. समाहरणालय सभाकक्ष...

Hazaribagh: जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में आयोजित जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई. बैठक में झारखंड खनिज अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम (संशोधन) नियमावली-2026 के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए.

10 जून से 15 अक्टूबर तक बालू खनन और परिवहन रहेगा प्रतिबंधित

राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के निर्देशानुसार 10 जून से 15 अक्टूबर तक नदियों से बालू खनन और बालू परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इस दौरान अवैध बालू उठाव को रोकने के लिए जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में अस्थायी चेक पोस्ट स्थापित किए जाएंगे. साथ ही नियमित जांच अभियान और सघन निगरानी चलाने का भी निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.

ALSO READ : झारखंड में उद्योगों की गुणवत्ता को मिलेगी नई उड़ान: जीडको खरीदेगा हाईटेक ‘मौसम और मजबूती’ जांचने वाली मशीनें

अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई और राजस्व वसूली की हुई समीक्षा

बैठक में अप्रैल माह के दौरान अवैध खनन के खिलाफ की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई. इस दौरान दर्ज प्राथमिकी, जब्त किए गए बालू एवं स्टोन चिप्स लदे वाहनों, कोयला परिवहन की जांच, खनिज परिवहन की निगरानी तथा राजस्व वसूली की स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई. उपायुक्त ने खान एवं भूतत्व विभाग की जांच रिपोर्ट और अवैध खनन से जुड़े मामलों में वसूली गई कंपाउंडिंग राशि की भी समीक्षा की.

“अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं”

उपायुक्त हेमंत सती ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लगातार अभियान चलाने, नियमित मॉनिटरिंग करने और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता, जिला खनन पदाधिकारी अजीत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी आदित्य पांडेय, एसडीपीओ अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.

ALSO READ : मंईयां सम्मान सत्यापन में अव्यवस्था, कागजात जमा करने के लिए भटक रहीं महिलाएं

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *