Simdega: जिले के बोलबा प्रखंड अंतर्गत लेटाबेड़ा गांव निवासी कुलदीप केरकेट्टा की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई. परिजनों द्वारा इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल सिमडेगा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत के बाद अस्पताल परिसर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए शव को सीधे घर ले जाने की जिद पर अड़ गए.

परिजनों का कहना था कि वे गांव ले जाकर झाड़-फूंक कराएंगे और इसी कारण वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे. इस दौरान अस्पताल प्रबंधन एवं अस्पताल में तैनात पुलिसकर्मियों ने परिजनों को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी समय तक मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा और अस्पताल परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा की स्थिति बनी रही.
प्रशासन ने लोगों से की अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमडेगा महिला थाना प्रभारी मनीषा टोप्पो तथा सदर थाना प्रभारी संजीत कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की आवश्यकता के बारे में समझाया. काफी देर तक चले समझाइश और प्रयास के बाद परिजन अंततः मान गए.
इसके बाद पुलिस और अस्पताल प्रशासन की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है. वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सांप काटने जैसी घटनाओं में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल चिकित्सकीय उपचार को प्राथमिकता दें.
ALSO READ: RIMS में मीडिया एंट्री और कवरेज को लेकर नई गाइडलाइन लागू, बिना अनुमति रिपोर्टिंग पर रोक
