Gumla: रायडीह प्रखंड के सुरसांग थाना क्षेत्र अंतर्गत विरकेरा टांगराटोली गांव के ग्रामीण मंगलवार को समाजसेवी कमल किशोर किसान की अगुवाई में उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त दिलेश्वर महतो को ज्ञापन सौंपा. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है. गर्मी के मौसम में लोगों को लगभग एक किलोमीटर दूर से पानी लाकर दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ती हैं. गांव में लगे अधिकांश चापाकल खराब पड़े हुए हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. गांव में करीब 20 परिवार निवास करते हैं, लेकिन शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है.

ग्रामीणों ने सड़क और बिजली व्यवस्था सुधारने की भी उठाई मांग
ग्रामीणों ने उपायुक्त से खराब चापाकलों की मरम्मत कराने, नए बोरिंग की व्यवस्था करने तथा जलमीनार स्थापित कराने की मांग की, ताकि गांव के लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके. इसके साथ ही ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग भी उठाई. ज्ञापन में सड़क समस्या का भी उल्लेख किया गया. ग्रामीणों ने बताया कि सुरसांग मुख्य पथ से टांगराटोली तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क अब भी कच्ची है. बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो जाती है, जिससे आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. मरीजों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को विशेष रूप से परेशानी झेलनी पड़ती है.
ग्रामीणों ने उपायुक्त से उक्त सड़क का शीघ्र कालीकरण कराने की मांग करते हुए कहा कि सड़क बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और विकास को भी गति मिलेग. मौके पर महावीर बा, विष्णु खड़िया, रंजन किंडो, सुखसेन किंडो, किशोरवा, सुखनाथ, लोक सिलसिला सोरेन, यात्री किंडो, सुनीता खड़िया, सरिता किंडो सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे.
