Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

NH-522 पर तेज रफ्तार का कहर: पैदल घर लौट रहे युवक को वाहन ने रौंदा, लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने हटाया जाम, मुआवजे और सरकारी सहायता की मांग

Hazaribagh: दारू थाना क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-522 पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक...

Hazaribagh: दारू थाना क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-522 पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सरकारी सहायता की मांग को लेकर देर रात तथा मंगलवार सुबह दो बार सड़क जाम कर दिया. प्रशासनिक अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हो सकी. मृतक की पहचान दारू प्रखंड के बड़वार गांव निवासी 28 वर्षीय गौतम कुमार (पिता स्व. प्रदीप पासवान) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब नौ बजे गौतम दारू चौक से पैदल अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान हजारीबाग की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और वाहन का पिछला पहिया उसके सिर पर चढ़ गया. सिर बुरी तरह कुचल जाने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

यह भी पढ़ें: गिरिडीह में फिर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, फुटपाथी दुकानदारों से तीखी नोकझोंक, वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

ग्रामीणों ने पकड़ा वाहन, रात में लगा पहला जाम

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन को रोक लिया और इसकी सूचना दारू थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां जुट गए और मुआवजे की मांग को लेकर NH-522 को जाम कर दिया. कई घंटे तक चले हंगामे और बातचीत के बाद थाना प्रभारी तथा अंचलाधिकारी रामबालक कुमार के आश्वासन पर देर रात जाम समाप्त कराया गया.

पोस्टमार्टम के बाद फिर भड़का आक्रोश

मंगलवार को दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव दारू के जबरा चौक पहुंचा, ग्रामीणों का आक्रोश फिर फूट पड़ा. महिलाओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने शव को सड़क पर रखकर दोबारा जाम लगा दिया. ग्रामीणों ने मृतक के आश्रित परिवार को सरकारी मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, बीमा राशि तथा मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई।.

अधिकारियों के लिखित आश्वासन पर जाम हटाया गया

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ फायद अहमद, अंचलाधिकारी रामबालक कुमार और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया. इसके बाद करीब तीन घंटे के बाद जाम समाप्त हुआ और शव परिजनों को सौंप दिया गया. बाद में गमगीन माहौल में कोनार नदी स्थित श्मशान घाट पर गौतम कुमार का अंतिम संस्कार कर दिया गया.

यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक: CM हेमंत ने कहा- एम्बुलेंस के लिए ओला-उबर जैसा कॉन्सेप्ट और AI आधारित कॉल सेंटर शुरू करने का प्लान

चालक के खिलाफ मामला दर्ज

दारू थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर लिया गया है. चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *