गिरिडीह में सोलर बैट्री बनी बम, जोरदार धमाके के बाद तीन मंजिला मकान की छत पर लगी आग

Giridih: नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा वार्ड संख्या 10 में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन मंजिला...

Giridih: नगर थाना क्षेत्र के न्यू बरगंडा वार्ड संख्या 10 में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन मंजिला मकान की छत पर लगी लीथियम सोलर बैट्री अचानक तेज धमाके के साथ फट गई. धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी प्रदीप कुमार ने चार-पांच दिन पहले ही अपने घर में अत्याधुनिक सोलर सिस्टम और लीथियम बैट्री लगवाई थी. बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे अचानक बैट्री में विस्फोट हुआ और छत से काले धुएं का गुबार उठने लगा. धमाके की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग छत की ओर दौड़े, जहां बैट्री आग की लपटों में घिरी हुई थी.

इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई

घटना के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए बाल्टी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. उनकी कोशिशों से आग को मकान के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण लीथियम बैट्री में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है.

घटना में कोई जनहानि नहीं हुई

इस हादसे में सोलर सिस्टम की लीथियम बैट्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई. राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो पूरा मकान इसकी चपेट में आ सकता था. फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं. वहीं इस घटना के बाद लीथियम बैट्री आधारित सोलर सिस्टम की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे है.

ALSO READ: स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान से मिले MTMC के प्रतिनिधि, राज्य में MBBS की सीटें बढ़ाने का किया अनुरोध

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *