Chatra: सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत जापुट गांव के समीप बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. छठियारी से लौट रहे लोगों से भरी एक सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक दर्जन लोग घायल हो गए. सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार टुटीलावा में आयोजित पारिवारिक छठियारी उत्सव में शामिल होने के बाद सभी लोग कान्हाचट्टी प्रखंड के जोरी गांव लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन सड़क पर अचानक आ गई एक बकरी से टकरा गया. घटना के संबंध में घायलों ने बताया कि बकरी से टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर तेजी से भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर उसने नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सड़क किनारे पलट गई.

यह भी पढ़ें: पाकुड़ के पूर्व BJP विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा गाड़ी में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया. सभी घायलों को इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया. गंभीर रूप से घायल करीब आधा दर्जन लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है. सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि दुर्घटना में करीब आधा दर्जन यात्रियों के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है.

यह भी पढ़ें: कोडरमा: टीकाकरण के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने का आरोप, ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र में जड़ा ताला
