हजारीबाग: एनएच-33 के समीप ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का भंडाफोड़, दो युवक गिरफ्तार

Hazaribagh: जिले के पदमा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री...

Hazaribagh: जिले के पदमा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 15 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एनएच-33 से चमेली झरना जाने वाले मार्ग पर कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.

त्वरित कार्रवाई में दो आरोपी धराए

गठित छापामारी दल ने सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएच-33 से चमेली झरना की ओर जाने वाले रास्ते पर छापेमारी की. इस दौरान दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया. तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. पकड़े गए ड्रग पैडलरों में संदीप कुमार पासवान (24 वर्ष), पिता बैजनाथ महतो, ग्राम  जीहु, थाना पदमा ओपी, जिला  हजारीबाग. सुभाष कुमार राम उर्फ निखिल कुमार (23 वर्ष), पिता लालचंद राम, ग्राम – बरवा, थाना इचाक, जिला हजारीबाग शामिल है.

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 177/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b), 22(b) एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. वहीं, पुलिस ने संकेत दिया है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में पदमा ओपी के प्रभारी संचित कुमार, पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार सोरेन, राजेश कुमार हाजरा सहित पदमा ओपी रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.

नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती

हाल के दिनों में हजारीबाग जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है. पदमा क्षेत्र में हुई यह कार्रवाई नशा कारोबारियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती को दर्शाती है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा.

AlsoRead:तंबाकू के नुकसान पर जागरूकता अभियान, सखी वन स्टॉप सेंटर में दिलाई गई नशामुक्ति की शपथ

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *