पसीना, धूल और प्रदूषण से बढ़ रहा त्वचा रोगों का खतरा

News Wave Desk : गर्मी का मौसम अपने साथ तेज धूप, बढ़ता तापमान और अत्यधिक पसीना लेकर आता है. ऐसे में सबसे...

News Wave Desk : गर्मी का मौसम अपने साथ तेज धूप, बढ़ता तापमान और अत्यधिक पसीना लेकर आता है. ऐसे में सबसे अधिक असर हमारी त्वचा, विशेषकर चेहरे पर पड़ता है. दिनभर बाहर रहने, धूल-मिट्टी और प्रदूषण के संपर्क में आने के कारण चेहरे पर गंदगी की परत जमने लगती है. यदि समय पर चेहरे की सफाई न की जाए तो चेहरे पे पिंपल्स, रैशेज, ब्लैकहेड्स जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं. त्वचा विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में चेहरे की सफाई केवल सुंदर दिखने के लिए नहीं, बल्कि त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए भी बेहद जरूरी है. नियमित सफाई से त्वचा के रोमछिद्र खुले रहते हैं और त्वचा आसानी से सांस ले पाती है.

पसीना और तेल बनते हैं परेशानी की वजह

गर्मी के दिनों में शरीर अधिक पसीना छोड़ता है. इसके साथ ही त्वचा में मौजूद तेल ग्रंथियां भी अधिक सक्रिय हो जाती हैं, जिससे चेहरा चिपचिपा और तैलीय महसूस होने लगता है. जब पसीना, तेल और धूल एक साथ मिलते हैं तो रोमछिद्र बंद होने लगते हैं. यही कारण है कि गर्मियों में मुंहासे और त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि दिन में कम से कम दो से तीन बार चेहरे को साफ पानी या हल्के फेसवॉश से धोना चाहिए. इससे त्वचा पर जमा गंदगी हट जाती है और संक्रमण का खतरा कम हो जाता है.

 

चेहरे की सफाई से बढ़ती है प्राकृतिक चमक

जब त्वचा साफ रहती है तो रक्त संचार बेहतर होता है और त्वचा को पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती है. इससे चेहरे की प्राकृतिक चमक बनी रहती है. नियमित सफाई त्वचा को ताजगी प्रदान करती है और चेहरा अधिक स्वस्थ एवं आकर्षक दिखाई देता है.

घरेलू उपाय भी हैं फायदेमंद

गर्मी के मौसम में खीरे का रस, गुलाब जल और एलोवेरा जेल त्वचा के लिए काफी लाभकारी माने जाते हैं. ये त्वचा को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ उसे हाइड्रेट रखने में भी मदद करते हैं. कई लोग चेहरे को तरोताजा रखने के लिए बर्फ के टुकड़े का भी उपयोग करते हैं, जिससे त्वचा को तुरंत राहत मिलती है.

पानी पीना न भूलें

विशेषज्ञों के अनुसार केवल बाहरी सफाई ही पर्याप्त नहीं है. त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने के लिए शरीर को अंदर से भी हाइड्रेट रखना जरूरी है. रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर के विषैले तत्व बाहर निकलते हैं और त्वचा में निखार बना रहता है.

लापरवाही पड़ सकती है भारी

यदि गर्मी के मौसम में चेहरे की सफाई पर ध्यान नहीं दिया जाए तो त्वचा संबंधी कई समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं. जब गर्मी होती है तो पसीना ज्यादा आता है और धूल-मिट्टी आसानी से चेहरे पर चिपक जाती है. अगर आप चेहरे को सही तरीके से साफ नहीं करते हैं, तो ये गंदगी त्वचा के अंदर जमा होने लगती है. लंबे समय तक गंदगी जमा रहने से संक्रमण, दाग-धब्बे और समय से पहले त्वचा की चमक कम होने जैसी परेशानियां होती है.

 

Also Read : पाकुड़ के पूर्व BJP विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *