हजारीबाग को मिलेगी आधुनिक लाइब्रेरी, DC ने विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं का लिया जायजा

Hazaribagh: शहर के विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त हेमंत सती ने बुधवार...

Hazaribagh: शहर के विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त हेमंत सती ने बुधवार को नगर भ्रमण कर विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने जल निकासी व्यवस्था, पाइपलाइन बिछाव कार्य और पुराने सरकारी परिसरों के उपयोग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की. उनके साथ उप विकास आयुक्त रिया सिंह, नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे.

जलजमाव की समस्या पर प्रशासन गंभीर

नगर भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने सदर प्रखंड के लाखे मजार के समीप लंबे समय से बनी जलजमाव की समस्या का स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने पानी के ठहराव के कारणों का बारीकी से अध्ययन करते हुए निकासी के वैकल्पिक मार्गों की संभावनाओं का आकलन किया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नगर निगम, एल एंड टी, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और जुड़को के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सड़क के दूसरी ओर पानी के सुचारु बहाव और निकासी की व्यवस्था विकसित कर स्थानीय लोगों को इस समस्या से राहत दिलाई जाएगी.

Also Read: हजारीबाग: एनएच-33 के समीप ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का भंडाफोड़, दो युवक गिरफ्तार

बनेगी अत्याधुनिक लाइब्रेरी

इसके बाद उपायुक्त झिनझरिया पुल के समीप स्थित पुराने सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर पहुंचे और वहां उपलब्ध भूमि का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि शहर के बीचों-बीच स्थित लगभग 2.25 एकड़ भूमि लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी है. जनहित को ध्यान में रखते हुए इस परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक भव्य लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा. उपायुक्त ने कहा कि इस लाइब्रेरी से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण, संसाधन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उनकी शैक्षणिक गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा.

पाइपलाइन बिछाव कार्य की समीक्षा

नगर भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक पर एल एंड टी द्वारा प्रस्तावित पाइपलाइन बिछाव कार्य की भी समीक्षा की. उन्होंने कार्य प्रारंभ करने में आ रही चुनौतियों और तकनीकी समस्याओं की जानकारी ली तथा कार्य को अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए. उन्होंने संबंधित एजेंसियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जनहित को ध्यान में रखते हुए कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.

विकास और बुनियादी सुविधाओं पर फोकस

नगर भ्रमण के दौरान जिला प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया कि शहर में जल निकासी, आधारभूत संरचना और शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है. जलजमाव जैसी पुरानी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आधुनिक लाइब्रेरी जैसी नई परियोजनाएं हजारीबाग के विकास को नई दिशा देने का काम करेंगी. मौके पर जिला योजना पदाधिकारी पंकज कुमार तिवारी भी उपस्थित थे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *