Ranchi: आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं को निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से रांची जिला प्रशासन ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को और अधिक गति देने की पहल की है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आज जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाची निबंधन पदाधिकारियों ने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलए और बीएलए-2 के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की.

किसी भी पात्र का नाम न छूटे
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए. इसके लिए अनमैप्ड मतदाताओं की पहचान और उनकी ऑनलाइन मैपिंग की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और बूथ स्तरीय एजेंटों को आपसी तालमेल के साथ घर-घर संपर्क कर सत्यापन कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया.
लोकतंत्र को मजबूत करने का अभियान
अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है. इसलिए मतदान केंद्र स्तर पर कार्यरत सभी कर्मियों और एजेंटों की जिम्मेदारी है कि वे मतदाता सत्यापन को पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ संपन्न कराएं. बैठक में घोषणा-पत्र, गणना-पत्र और सत्यापन के लिए मान्य 11 प्रकार के दस्तावेजों की जानकारी आम मतदाताओं तक पहुंचाने पर भी विशेष बल दिया गया.
अभियान चलाया जाए
प्रशासन ने निर्देश दिया कि मतदाताओं को अभियान से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सत्यापन प्रक्रिया में भाग लेकर अपने मताधिकार को सुरक्षित कर सकें. अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी संबंधित कर्मियों के समन्वित प्रयासों से रांची जिले की मतदाता सूची अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बन सकेगी.
AlsoRead:हजारीबाग: तीन दिवसीय आध्यात्मिक महासंगम संपन्न, आचार्यों ने दिए जीवन सफल बनाने के अनमोल संदेश
