Koderma: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 8 स्थित कृष्णापुरी मोहल्ले में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजू यादव ने बताया कि बीती रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य मुख्य दरवाजे में ताला लगाकर छत पर सोने चले गए थे. सुबह जब वे नीचे आए तो घर के एक कमरे का दरवाजा खुला मिला, जिससे उन्हें चोरी का पता चला.

जांच करने पर पता चला कि पूजा स्थल पर रखे कांसा और पीतल के सभी बर्तन गायब हैं. इसके अलावा कमरे में रखा पैसों से भरा बैग भी चोरी हो गया, जिसमें लगभग 40 हजार रुपये नकद थे.
बाइक भी ले उड़े चोर
घर से बाहर निकलने पर परिवार को पता चला कि उनकी बाइक भी गायब है. इस घटना के बाद तुरंत तिलैया पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई. परिजनों का कहना है कि मुख्य दरवाजे पर ताला लगा हुआ था, ऐसे में आशंका है कि चोर पीछे की खिड़की के रास्ते छत पर चढ़कर घर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया.
रेलवे लाइन के पास सुनसान इलाका
बताया जा रहा है कि घटना स्थल रेलवे लाइन से सटा हुआ और सुनसान इलाका है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर रही है और चोरों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने के लिए जांच तेज कर दी गई है.
ALSO READ: रांची: SIR को लेकर जागरूकता बैठक, चर्च समुदाय हुआ सक्रिय
