Pakur: उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल), हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के प्रतिनिधियों तथा जिले के अधिकृत पेट्रोल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में जिले में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और हाल के दिनों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई. विशेष रूप से पाकुड़ और महेशपुर प्रखंड में ईंधन आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर विस्तार से चर्चा हुई.


जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं
बैठक में तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जसीडीह डिपो से नियमित रूप से पेट्रोल और डीजल का उठाव कर जिले के सभी अधिकृत पेट्रोल पंपों तक पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में जिले में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है और आम उपभोक्ताओं की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. सभी अधिकृत विक्रेताओं के पास आवश्यक भंडार मौजूद है, जिससे ईंधन आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है.
ALSO READ : चाईबासा में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिये DC ने की बैठक
नियमों के पालन और गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी अधिकृत विक्रेताओं को भारत सरकार और तेल कंपनियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल का खुले में या अनधिकृत तरीके से विक्रय नहीं किया जाएगा. साथ ही गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा. औद्योगिक और व्यावसायिक उपयोगकर्ताओं को भी निर्धारित श्रेणी एवं दरों के अनुसार ही ईंधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया.
अफवाहों से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध हैं और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं सुचारु रूप से संचालित हो रही है. लोगों से जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदने और अनावश्यक घबराहट से बचने का अनुरोध किया गया है.
ALSO READ : कराईकेला के पूर्व मुखिया एवं समाजसेवी बनमाली मंडल को दी गई श्रद्धांजलि, 83 वर्ष की आयु में हुआ निधन
