Hazaribagh: शहरी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार सामने आ रही छिनतई (स्नैचिंग) की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराध की रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के कड़े निर्देशानुसार पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर द्वारा संयुक्त रूप से एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में शहर के सभी थानों और विशेष पुलिस दस्तों के अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

इन थानों और विशेष पुलिस टीमों को दी गई संयुक्त ब्रीफिंग
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस संयुक्त ब्रीफिंग में थाना प्रभारी ट्रैफिक, सदर, बड़ा बाजार, कोर्रा एवं लोहसिंघना के साथ-साथ पीसीआर-1, पीसीआर-2, पीसीआर-3, सैट-1, सैट-2 और ट्रैफिक विभाग के सभी पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया. बैठक के दौरान सभी विंग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर सड़कों पर मुस्तैदी बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ त्वरित व सख्त कार्रवाई करने का खाका तैयार किया गया.
अड्डेबाजी, नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
ब्रीफिंग के दौरान वरीय अधिकारियों ने शहर में हाल के दिनों में हुई स्नैचिंग की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की. अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शहर के विभिन्न इलाकों में होने वाली अड्डेबाजी और सक्रिय असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जाए. इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वाले नशेड़ियों पर सख्त निगरानी रखने और पकड़े जाने पर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने की हिदायत दी गई. पुलिस को निर्देशित किया गया है कि वे संदिग्धों से पूछताछ करें और प्रमुख ठिकानों पर अपनी पैनी नजर बनाए रखें.
ALSO READ: CID की SIT ट्रेजरी स्कैम में कर रही पूछताछ, कुल सात लोगों से चल रही है पूछताछ
यातायात व्यवस्था और गश्ती बढ़ाने पर जोर
अपराध नियंत्रण के साथ-साथ शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए यातायात व्यवस्था के सुचारु संचालन पर भी विशेष जोर दिया गया. सभी थाना प्रभारियों और पीसीआर व सैट के प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने चिन्हित क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाएं और सड़कों पर सतर्कता को दोगुना करें. अधिकारियों ने कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी तरह सक्रिय रहें, ताकि आम जनता के बीच सुरक्षा का माहौल कायम हो सके और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सके.
