Simdega: जिले के नगर भवन में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति की ओर से आयोजित कार्यकर्ता महासम्मेलन, बीएलए-2 प्रशिक्षण सह कार्यशाला और संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने पार्टी की ताकत का प्रदर्शन किया. जिले के विभिन्न प्रखंडों के साथ-साथ सिमडेगा, कोलेबिरा और तोरपा विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी सम्मेलन में शामिल हुए.

झामुमो के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए. दोनों नेताओं का स्वागत जिलाध्यक्ष अनिल कंडुलना, जिला सचिव सफीक खान और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रोस प्रतिमा सोरेंग समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो के समर्थन में जोरदार नारे लगाए.
पार्टी की ताकत समर्पित कार्यकर्ता
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. सम्मेलन को संबोधित करते हुए विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं. उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि झामुमो हमेशा आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर और समाज के हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है.
सुधार में सहयोग की अपील
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती सही और त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है. उन्होंने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने, पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और त्रुटियों के सुधार में सहयोग करने की अपील की.
कार्यशाला के दौरान कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, विलोपन और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही गांव-गांव और पंचायत स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश भी दिया गया.
AlsoRead:जमीन छोड़ो या पैसे लो”: अजय तिर्की पर आर्मी जवान के परिवार को धमकाने और घर तोड़ने का आरोप
