Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित फलों के विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला समाहरणालय के द्वितीय प्रवेश द्वार पर आम बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया गया. उद्घाटन जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं उपायुक्त मनीष कुमार ने उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रखंड विकास पदाधिकारियों तथा अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में किया.

किसानों और लाभुकों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना उद्देश्य
यह पहल जिला प्रशासन द्वारा प्रोजेक्ट बदलाव के तहत झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी के समन्वित सहयोग से संचालित की जा रही है. इसका उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े किसानों और लाभुकों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है. इस अवसर पर चाईबासा प्रखंड की डीलियामार्चा पंचायत की लाभुक अनीता तियू ने स्टॉल के माध्यम से अपने बागान में उत्पादित आम की बिक्री की. इस पहल से स्थानीय उत्पादकों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है, जिससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और किसानों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी.
किसानों को विपणन से जोड़ने की दिशा में किया जा रहा कार्य
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा, कि बिरसा हरित ग्राम योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण किसानों की आय में वृद्धि करना और उन्हें सीधे बाजार से जोड़ना है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके. उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट बदलाव के तहत जेएसएलपीएस की सहभागिता से किसानों को केवल उत्पादन ही नहीं, बल्कि विपणन से भी जोड़ने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि आम बिक्री केंद्र की यह पहल आम उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. जिला प्रशासन किसानों की आजीविका को मजबूत करने तथा स्थानीय उत्पादों के लिए सुदृढ़ विपणन व्यवस्था विकसित करने के उद्देश्य से लगातार कार्य कर रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल सके.
यह भी पढ़ें: सिमडेगा में झामुमो कार्यकर्ता महासम्मेलन, संगठन विस्तार और मतदाता जागरूकता का लिया गया संकल्प
