Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में आगामी पल्स पोलियो अभियान (28 जून) एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (15 जून) के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में दोनों स्वास्थ्य कार्यक्रमों की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कई पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े.

बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन गंभीर
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान और राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस दोनों ही बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम हैं. इसलिए इनके सफल संचालन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय, प्रभावी कार्ययोजना और जमीनी स्तर पर कड़ी निगरानी आवश्यक है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. पल्स पोलियो अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी. बैठक में बूथवार तैयारियों, माइक्रोप्लान, मोबाइल टीमों की तैनाती, स्वास्थ्य कर्मियों और आंगनबाड़ी सेविकाओं की भूमिका सहित कई बिंदुओं पर चर्चा हुई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ सुदूरवर्ती एवं दुर्गम इलाकों में रहने वाले बच्चों तक भी अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे.
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत बच्चों और किशोरों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य संस्थानों के माध्यम से दवा खिलाई जाएगी. बैठक में दवा वितरण, सुरक्षित सेवन, अनुपस्थित बच्चों के लिए मॉप-अप गतिविधियों तथा स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज कल्याण विभाग के बीच समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि दोनों कार्यक्रमों की सफलता के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए. ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, सहिया, सेविका, स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय संसाधनों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया. प्रशासन का मानना है कि अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से ही इन स्वास्थ्य अभियानों का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल किया जा सकेगा.
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए पल्स पोलियो अभियान और राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस में सक्रिय भागीदारी करें तथा निर्धारित तिथियों पर बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अवश्य दिलाएं. इन अभियानों की सफलता बच्चों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी.
Also Read : कोडरमा घाटी में सड़क हादसा, ट्रकों की टक्कर के बाद चालक और खलासी घायल
