Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में एवं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की मौजूदगी में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में योजना से संबंधित विभिन्न प्रशासनिक एवं नियुक्ति संबंधी विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया.

प्रखंड समन्वयक पद पर चर्चा
इस दौरान जानकारी दी गई कि प्रखंड कुमारडुंगी में प्रखंड समन्वयक पद पर कार्यरत श्री बाबूलाल कुंटीया द्वारा त्यागपत्र दिए जाने के उपरांत दिनांक 03 दिसंबर 2025 से उक्त पद रिक्त था. विज्ञापन संख्या-01/2025 के आलोक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत अभ्यर्थियों की नियुक्ति के पश्चात कोटिवार प्रतीक्षा सूची तैयार की गई थी.
प्रतीक्षा सूची से चयन का निर्णय
बताया गया कि विभागीय अधिसूचना संख्या-1016 दिनांक 01 मार्च 2017 के खंडिका-5 की उपखंडिका-4 के प्रावधानों के अनुसार, नियुक्ति के एक वर्ष के भीतर किसी पद के रिक्त होने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची से संबंधित रिक्त पदों को भरा जा सकता है. उक्त प्रावधान के आलोक में एसटी श्रेणी की प्रतीक्षा सूची से कुमारडुंगी प्रखंड हेतु प्रखंड समन्वयक का चयन करने का निर्णय लिया गया.
त्यागपत्र स्वीकृत
इसके अतिरिक्त, प्रखंड खुंटपानी एवं मंझारी में कार्यरत लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा दिए गए त्यागपत्र को जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई.
नए विज्ञापन का निर्णय
साथ ही रिक्त पदों के विरुद्ध लेखापाल-सह-कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति हेतु विज्ञापन प्रकाशित करने का निर्णय भी लिया गया.
