रेलवे की मानवीय संवेदना बनी मिसाल: रेलकर्मियों की तत्परता से बच्ची की जीवनरक्षक रिपोर्ट और दवाइयां मिलीं वापस

Hazaribagh : भारतीय रेल केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय मानवीय संवेदनाओं का...

Hazaribagh : भारतीय रेल केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय मानवीय संवेदनाओं का भी परिचय देती है. इसका एक मार्मिक उदाहरण शुक्रवार को देखने को मिला, जब एक महिला यात्री की बच्ची के इलाज से जुड़ी महत्वपूर्ण चिकित्सीय सामग्री रेलकर्मियों की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण सुरक्षित वापस मिल गई.

गलती से गलत ट्रेन में चढ़ी महिला, उतरते समय छूट गया जरूरी सामान

वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मनीष सौरभ ने बताया गाड़ी संख्या 11448 के चोपन स्टेशन से प्रस्थान के दौरान सीआईटी/सीपीयू उमेश कुमार सिंह ने एक महिला को ट्रेन के पीछे भागते हुए देखा. स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तत्काल महिला को सुरक्षित रोका और उसकी परेशानी का कारण पूछा. महिला ने बताया कि उसे रेणुकूट जाना था, लेकिन वह भूलवश गलत ट्रेन में चढ़ गई थी. जब उसे अपनी गलती का एहसास हुआ तो वह ट्रेन से उतर गई, लेकिन उसकी बच्ची की अत्यंत महत्वपूर्ण सीटी स्कैन रिपोर्ट और इलाज में उपयोग होने वाली दवाइयां ट्रेन में ही रह गईं.

बच्ची के इलाज की चिंता से व्यथित थी महिला

महिला ने बताया कि उसकी बच्ची के उपचार के लिए उक्त रिपोर्ट और दवाइयां बेहद जरूरी थीं. सामान छूट जाने के कारण वह काफी परेशान और भावुक हो गई थी. स्थिति को समझते हुए रेलकर्मियों ने न केवल उसे सांत्वना दी, बल्कि तत्काल कार्रवाई भी शुरू कर दी.

रेलकर्मियों की तत्परता से मिला समाधान

मनीष सौरभ के अनुसार, उमेश कुमार सिंह ने तुरंत चेकिंग स्टाफ के सदस्य सीआईटी/बरकाकाना एस.पी. सिंह से संपर्क स्थापित किया. समन्वित प्रयासों के तहत ओबरा स्टेशन पर ट्रेन से महिला की बच्ची की सीटी स्कैन रिपोर्ट और दवाइयां सुरक्षित प्राप्त कर ली गईं. इसके बाद सामग्री को सुरक्षित रूप से रेलवे सुरक्षा बल ओबरा के सुपुर्द किया गया, ताकि महिला को उसका सामान वापस मिल सके.

ऑटो से भेजी गई महिला, सुरक्षित मिला सामान

रेल प्रशासन ने महिला की परेशानी को देखते हुए उसे ऑटो रिक्शा के माध्यम से ओबरा स्टेशन भेजने की व्यवस्था भी की. वहां पहुंचने पर महिला को उसकी बच्ची की महत्वपूर्ण रिपोर्ट और दवाइयां सुरक्षित सौंप दी गईं. अपनी बच्ची के इलाज से जुड़ी आवश्यक सामग्री वापस मिलने पर महिला ने गहरी राहत महसूस की और भारतीय रेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए रेलकर्मियों की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई की सराहना की.

Also Read : वरिष्ठ पत्रकार के बंद घर में चोरी, नकद और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *