Koderma: जिले के सतगावां प्रखंड स्थित प्रसिद्ध पेट्रो जलप्रपात में नहाने के दौरान हुए हादसे में एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया. घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिहार के नवादा ले जाया गया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहारशरीफ के चांडी निवासी सनी कुमार (पिता स्वर्गीय सुबोध कुमार) अपने साथियों गौतम कुमार (36 वर्ष), धीरज कुमार, छोटू कुमार (पिता किशोरी यादव), राजीव कुमार (35 वर्ष) तथा अन्य 6 लोगों के साथ पेट्रो जलप्रपात घूमने एवं स्नान करने पहुंचे थे. इसी दौरान नहाने के क्रम में वे गहरे पानी में चले गए, जिससे हादसा हो गया. घटना में राजीव कुमार (35 वर्ष) की डूबने से मौत हो गई, जबकि गौतम कुमार (36 वर्ष) घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और घटना की सूचना सतगावां थाना को दी.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही एसआई सारण टोपनो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सतगावां लाया गया. चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया है.
ALSO READ: कोडरमा के मरकच्चो बाजार के जाम में फंसा DDC का वाहन, लोगों को हुई परेशानी
परिजनों में मातम, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. वहीं इस दुखद घटना के बाद पेट्रो जलप्रपात पर आने वाले पर्यटकों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.
