Ranchi : झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन गढ़वा शाखा के कार्यकारिणी पदाधिकारियों और डेलिगेट प्रतिनिधियों के चुनाव तारीखों की घोषणा कर दी गयी है. एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय ने पत्र जारी कर आगामी चुनाव के बारे में जानकारी दी है. जारी पत्र के अनुसार 22 जून 2026 को मतदान और मतों की गिनती की जाएगी. चुनाव लड़ने वाले पुलिसकर्मी 19 जून 2026 को दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन करेंगे. पुलिसकर्मी 20 जून की सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक चुनाव से अपना नाम वापस ले सकते है. चुनाव के बाद शपथ ग्रहण समारोह की तारीख को निर्धारित की जायेगी.

चुनाव अधिकारी और पर्यवेक्षक नियुक्त
चुनाव को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पदाधिकारियों की घोषणा भी कर दी गई है. झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन शाखा पलामू के सभापति मुख्य चुनाव पदाधिकारी होंगे. इसके अलावा उप.सभापति, सचिव, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, केंद्रीय सदस्य एवं अंकेक्षक सहायक चुनाव पदाधिकारी की भूमिका निभाएंगे. इसके अलाव कदाचार चुनाव मुक्त कराने के लिए सबीबुर रहमान, संजय राम, अमित कुमार तिवारी, अजय कुमार सिंह को नियुक्त किया गया है.
गुप्त मतदान प्रणाली से होगा चुनाव
एसोसिएशन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह चुनाव चुनाव नियमावली 2022 में दिए गए नियमों के तहत गुप्त मतदान प्रणाली द्वारा कराया जाएगा. केंद्रीय कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो इसके लिए मुख्य चुनाव पदाधिकारी जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ संघीय नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : हाईकोर्ट कैंपस में लगेगा मोबाइल पासपोर्ट वैन, कर्मचारी और वकील बनवा सकते हैं पासपोर्ट
