Dumka: रामगढ़ प्रखंड में मंगलवार की दोपहर लगभग दो बजे हुई हुई तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली ने विभिन्न गांवों में भारी तबाही मचाई. भारी बारिश के दौरान अलग-अलग गांवों में वज्रपात की घटनाओं में दो युवकों तथा एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि चार वर्षीय बच्ची सहित आधे दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. घायलों में दो महिलायें भी शामिल हैं. वज्रपात की पहली घटना रामगढ़ प्रखंड के छोटी रण बहियार पंचायत के गिदबन्ना गांव की है. यहां बारिश के दौरान धान के खेत में काम रहा परिवार वज्रपात की चपेट में आ गया. जिससे धान रोप रही महिला की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. जबकि उसका पति तथा चार वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल है. दोनों बुरी तरह से झुलस गए हैं. मृत महिला की पहचान गिधबना निवासी 20 वर्षीय आलतामुनी मरांडी के रूप में हुई है. वज्रपात की चपेट में आने से उसकी चार वर्षीय पुत्री तथा पति राजेंद्र मुर्मू गंभीर रूप से तरह से घायल हो गए. दोनों घायलों को ग्रामीण तथा परिजन चिकित्सा के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ ले गए. जहां से उन्हें फुलो-झानो मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल दुमका भेज दिया गया.

जानें कहां-कहां हुई मौतें
वज्रपात से मौत की दूसरी घटना छोटी रण बहियार पंचायत के ही खुदीमेरखो गांव में हुई. यहां आकाशीय बिजली गिरने से 30 वर्षीय बाबूलाल हेम्ब्रम की तत्काल मौत हो गई. ग्रामीणों के अनुसार बाबूलाल हेम्ब्रम अपनी मां के साथ खेत में काम करने गया था. कुछ समय बाद उसकी मां घर लौट गई. जबकि बाबूलाल खेत में ही काम करता रहा.इसी दौरान भीषण बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान भारी बारिश के बीच आकाशीय बिजली खेत में गिर पडी. जिसकी चपेट में आकर जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. वज्रपात से मौत की तीसरी घटना कांजो पंचायत के डुमरजोर की है. जहां बारिश के दौरान खेत में काम कर रहे भैरो कुंअर के लगभग पैंतीस वर्षीय पुत्र रोहित कुंअर की मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हो गई. उसके परिजन एवं पडोसी उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया. इसके अतिरिक्त छोटी रण बहियार पंचायत के ही आलूवाडा गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने की घटना सामने आई. जिसमें दो महिलाएं घायल हो गई. घायल महिलाओं की पहचान आलुबाडा निवासी बबिता देवी पति शिवाजी यादव तथा चिंता देवी पति नकुल यादव के रूप में हुई है. वज्रपात से घायल दोनों महिलाओं की चिकित्सा एक निजी क्लीनिक में चल रही है.

AlsoRead:बेड़ो: पंचायत भवन में लगा ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, 155 अभ्यर्थी हुए सफल


