Ranchi : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर राजधानी रांची पहुंचे. राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद अपने पहले दौरे पर आए नितिन नवीन का एयरपोर्ट पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक और जोशीला स्वागत किया. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व सीएम रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, दीपक प्रकाश सहित कई नेता भी मौजूद रहे.

इस दौरान पूरी राजधानी को भाजपा के झंडों और स्वागत पोस्टरों से दुल्हन की तरह सजाया गया. हवाई अड्डे से निकलने के बाद उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, भारत रत्न स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर और स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया. इसके पश्चात प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए.
संगठन की मजबूती और भावी रणनीति पर महामंथन
झारखंड की माटी से जन्म और शिक्षा का गहरा नाता रखने वाले नितिन नवीन का यह दौरा राज्य की भावी राजनीतिक दिशा तय करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे प्रदेश कार्यालय में भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ उच्च स्तरीय बैठक करेंगे. इसके तुरंत बाद प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों के साथ आगामी रणनीतियों को आकार देने के लिए मैराथन बैठकों का दौर शुरू होगा. दोपहर 3 बजे से वे कार्निवल बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे. इस दौरे से न केवल सांगठनिक ढांचे को मजबूती मिलेगी, बल्कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन से जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में भी भारी उत्साह देखा जा रहा है.
ALSO READ : झारखंड राज्यसभा चुनाव: JMM ने सभी विधायकों को रांची बुलाया, सियासी हलचल तेज
