Chatra : चतरा पुलिस ने अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हंटरगंज थाना क्षेत्र में संभावित लूट की एक बड़ी वारदात को समय रहते विफल कर दिया है. SP अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने डुमरिया स्कूल परिसर से चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और विभिन्न कंपनियों के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के गया जिले के बाराकला निवासी गौतम कुमार उर्फ गौतम पासवान, चतरा जिले के बड़का पिंडरा निवासी चिंटू कुमार उर्फ गोरा पासवान, गया के जयगीर निवासी प्रवीण कुमार और फतेहपुर निवासी विकास मांझी के रूप में हुई है.
बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपियों ने हंटरगंज थाना क्षेत्र में किसी बड़ी लूट की घटना को अंजाम देने की योजना की बात स्वीकार की है. समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में SP अनिमेष नैथानी ने बताया कि अपराध नियंत्रण और संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है.
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के गया जिले के कुछ कुख्यात अपराधी डुमरिया स्कूल परिसर में एकत्र होकर किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे है. सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी का निर्देश दिया गया.
हथियार और कारतूस बरामद
छापेमारी के दौरान चारों अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया. उनके पास से दो पिस्टल, एक देशी कट्टा, 7.65 एमएम की दो जिंदा गोलियां, 8 एमएम की दो जिंदा गोलियां, दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ झारखंड और बिहार के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गौतम पासवान के खिलाफ 9, चिंटू कुमार के खिलाफ 8 और प्रवीण कुमार के खिलाफ एक मामला दर्ज है. वहीं विकास मांझी की तलाश बिहार पुलिस को चार अलग-अलग आपराधिक मामलों में थी.
सीमावर्ती इलाकों में थे सक्रिय
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार सभी अपराधी झारखंड और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिक सक्रिय थे. ये लोग एक राज्य में घटना को अंजाम देकर दूसरे राज्य में शरण ले लेते थे. हालांकि इस बार चतरा पुलिस ने उनकी योजना को पूरी तरह विफल कर दिया. इस मामले में हंटरगंज थाना में आर्म्स एक्ट के तहत कांड दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. अभियान में एसडीपीओ सन्नी वर्धन के अलावा हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई नितेश कुमार प्रसाद, एसआई वीर बहादुर सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
ALSO READ: शादी के एक महीने बाद ही घर में पसरा मातम, अहमदाबाद जाने के दौरान नौडीहा बाजार का युवक लापता
