Palamu: पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत तरीडीह से एक बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ रोज़गार की तलाश में घर से निकला एक नवविवाहित युवक रास्ते से ही संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है. तरीडीह निवासी मुरारी भुइयां का 20 वर्षीय पुत्र गुड्डू भुइयां बीते 30 मई को अपने एक दोस्त के साथ मजदूरी करने के लिए अहमदाबाद जाने के उद्देश्य से घर से निकला था. लेकिन इस सफर के दौरान ही वह अचानक कहीं गुमशुदा हो गया, जिसका एक सप्ताह का लंबा समय बीत जाने के बावजूद भी अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

एक सप्ताह बाद भी नहीं मिला कोई सुराग
इस अनहोनी घटना के बाद से युवक के घरवाले गहरे सदमे में हैं और अपने स्तर पर हर संभावित जगह खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई पता न चलने के कारण काफी परेशान और बेहाल हैं. परिजनों ने दुःखित मन से बताया कि महज एक महीने पहले ही गुड्डू की धूमधाम से शादी हुई थी और घर में अभी शादी की खुशियों का माहौल ठीक से थमा भी नहीं था कि इस हादसे ने पूरे परिवार को झंझोर कर रख दिया है.
परिजनों ने लोगों से मांगी मदद
पीड़ित परिवार ने आम जनता और प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इस युवक के बारे में कोई भी जानकारी मिले या उसका कहीं पता चले, तो वे तुरंत मोबाइल नंबर +91 62034 20992 पर संपर्क कर परिवार को सूचित करने की कृपा करें. इधर परिजनों ने स्थानीय थाने में लापता होने की शिकायत भी दर्ज करा रहे हैं.
