ई-कल्याण पोर्टल में छात्रवृत्ति आवेदन संबंधी समस्या पर डीसी ने लिया संज्ञान

Bokaro: समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित “हम आपको सुनते हैं” (लोक संवाद) कार्यक्रम में एक छात्र द्वारा छात्रवृत्ति आवेदन...

Bokaro: समाहरणालय स्थित कार्यालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित “हम आपको सुनते हैं” (लोक संवाद) कार्यक्रम में एक छात्र द्वारा छात्रवृत्ति आवेदन से संबंधित समस्या उपायुक्त अजय नाथ झा के समक्ष रखी गई, जिसका 24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित किया गया. चास निवासी चंदन कुमार महतो, जो वर्तमान में सी.सी. महतो टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में बी.एड. सत्र 2025-27 के छात्र हैं, ने उपायुक्त को अवगत कराया कि पूर्व में वे ड्रोणा आईटीआई में अध्ययनरत थे तथा सत्र 2024-25 के लिए छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन किया था. बाद में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने आईटीआई से स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) प्राप्त कर बी.एड. में नामांकन कराया.

रिन्युअल के स्थान पर फ्रेश आवेदन की थी आवश्यकता

छात्र ने बताया कि बी.एड. सत्र 2025-26 के लिए छात्रवृत्ति आवेदन करना चाह रहे थे, लेकिन ई-कल्याण पोर्टल पर उनका आवेदन रिन्युअल श्रेणी में दर्ज हो रहा था, जबकि उन्हें फ्रेश अभ्यर्थी के रूप में आवेदन करना था. इस तकनीकी समस्या के कारण उनकी आवेदन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही थी.

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. तत्पश्चात छात्र को वर्ष 2025-26 के लिए फ्रेश एप्लीकेशन का विकल्प उपलब्ध करा दिया गया है.

ALSO READ: मिशन उदय के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा, सांसद और उपायुक्त ने कराई जांच

आवेदन तिथि खुलने पर कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

संबंधित अधिकारियों ने जानकारी दी कि छात्र को फ्रेश आवेदन का विकल्प उपलब्ध करा दिया गया है. अब छात्र छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन की तिथि खुलने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना आवेदन ऑनलाइन जमा कर सकेंगे. उपायुक्त ने कहा कि आमजनों एवं विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है तथा “हम आपको सुनते हैं” कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *