Chakradharpur: पश्चिमी सिंहभूम जिले में संचालित मिशन उदय के अंतर्गत आज सिंहभूम सांसद जोबा माझी एवं उपायुक्त मनीष कुमार ने संयुक्त रूप से सोनुवा प्रखंड के आसनतलिया पंचायत स्थित दिगीलोटा आंगनवाड़ी केंद्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया. इस दौरान मिशन के तहत स्वास्थ्य जागरूकता एवं ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता से संबंधित गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई. निरीक्षण के क्रम में सांसद एवं उपायुक्त ने स्वयं भी स्वास्थ्य जांच कराकर आम नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मिशन उदय का उद्देश्य लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर पहुंचाना तथा गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को प्रारंभिक स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके. आंगनवाड़ी सेविका द्वारा किए जा रहे घर-घर भ्रमण एवं सर्वेक्षण कार्यों की जानकारी भी प्राप्त की गई. इस क्रम में सेविका व सीएचओ ने बताया कि क्षेत्र में भ्रमण के दौरान मलेरिया, एनीमिया सहित अन्य बीमारियों से प्रभावित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें मिशन उदय के तहत उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क दवाइयों एवं उपचार सुविधाओं से भी जोड़ा जा रहा है. साथ ही स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं.

अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्राथमिकता: उपायुक्त
निरीक्षण के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति, लाभुकों तक पहुंच तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु समन्वित प्रयास सुनिश्चित किए जाएं. इस अवसर पर सिविल सर्जन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
