Ranchi: विदेश में बैठे कुख्यात अपराधी प्रिंस खान ने झारखंड, खासकर राजधानी के व्यवसायियों में खौफ पैदा कर दिया है. अभी होटल जलजोगा और होटल कैपिटॉल हिल के मालिकों से रंगदारी मांगने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि प्रिंस खान के नाम पर एक और रंगदारी का मामला सामने आ गया है.

मेन रोड स्थित विष्णु गली के समीप पाल ब्रदर्स ज्वेलर्स के संचालक सुमन पाल ने लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. सुमन पाल लालपुर स्थित हरिओम टावर रेसिडेंसी के निवासी हैं. इधर, पूर्व में दर्ज मामलों की जांच रांची पुलिस अभी कर ही रही है कि रंगदारी का एक नया मामला सामने आ गया. लालपुर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
गौरतलब है कि एयरपोर्ट रोड स्थित एक होटल में रंगदारी नहीं देने पर प्रिंस खान के गुर्गों द्वारा गोलीबारी की गई थी, जिसमें एक वेटर की मौत हो गई थी.
रात में आया धमकी भरा कॉल और मैसेज
व्यवसायी सुमन पाल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 4 जून की रात करीब 9:50 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर (+971545920432) से कॉल और मैसेज आया.
मैसेज में साफ तौर पर लिखा गया था कि यदि 5 करोड़ रुपये नहीं दिए गए, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा. साथ ही अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी भी दी गई.
Also Read:गैस सिलिंडर 29 रुपये महंगा, विपक्ष ने घेरा तो केंद्र ने दिया अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला
फोन करने वाले ने खुद को बताया प्रिंस खान
पीड़ित के अनुसार, फोन करने वाले व्यक्ति ने अपनी पहचान दुबई में बैठे अपराधी प्रिंस खान के रूप में दी. सुमन पाल का मेन रोड स्थित विष्णु गली के पास पाल ब्रदर्स ज्वेलर्स नाम से बड़ा प्रतिष्ठान है.
धमकी मिलने के बाद से न सिर्फ व्यवसायी, बल्कि उनके परिवार के सभी सदस्य भी अपनी सुरक्षा को लेकर भयभीत और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
सुरक्षा की मांग, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से अपने परिवार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान की सुरक्षा के लिए पुलिस गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है. वहीं, लालपुर थाना पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है और धमकी भरे कॉल व मैसेज की पड़ताल की जा रही है.
