कान्हाचट्टी के गड़िया से लापता युवक का शव नदी से बरामद, अपहरण कर हत्या की आशंका

Chatra: राजपुर थाना क्षेत्र के गड़िया गांव से करीब 45 घंटे पहले लापता हुए युवक प्रमोद कुमार का शव सोमवार को बुढ़िया...

Chatra: राजपुर थाना क्षेत्र के गड़िया गांव से करीब 45 घंटे पहले लापता हुए युवक प्रमोद कुमार का शव सोमवार को बुढ़िया माड़र नदी के बालू में दबा हुआ बरामद किया गया. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों ने अपहरण कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है. सूचना मिलने पर राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

शनिवार शाम से था लापता

परिजनों के अनुसार गड़िया निवासी प्रमोद कुमार शनिवार शाम से घर से लापता था. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों ने रविवार को राजपुर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शनिवार और रविवार को ग्रामीणों तथा पुलिस की टीम ने जंगल, नदी-नालों और आसपास के क्षेत्रों में युवक की तलाश की. सोमवार सुबह बुढ़िया माड़र नदी के किनारे बालू में कुछ दबा होने की आशंका पर खुदाई की गई, जिसके बाद युवक का शव बरामद हुआ.

हत्या कर शव छिपाने का आरोप

मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात कही जा रही है. परिजनों का आरोप है कि प्रमोद का अपहरण कर उसकी हत्या की गई और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नदी के बालू में दबा दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.

ALSO READ: पलामू: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में HIV पॉजिटिव महिला का सिजेरियन ऑपरेशन, अस्पताल में हड़कंप. सुरक्षात्मक उपाय तेज

पुलिस जांच में जुटी, गांव में पसरा मातम

सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. युवक की मौत से गड़िया गांव में मातम पसरा हुआ है. मृतक के घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *