Click Here
Click Here

चौपत नदी के कुंड की अनोखी महिमा, गर्मी में ठंडा तो ठंड में गर्म महसूस होता है पानी

Lohardaga: जिले के पेशरार प्रखंड स्थित केरार गांव में चौपत नदी के समीप मौजूद प्राकृतिक कुंड अपनी अनोखी विशेषताओं और प्राकृतिक सौंदर्य...

Lohardaga: जिले के पेशरार प्रखंड स्थित केरार गांव में चौपत नदी के समीप मौजूद प्राकृतिक कुंड अपनी अनोखी विशेषताओं और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों और घने जंगलों से घिरा यह स्थल प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं माना जाता. यहां का मनमोहक दृश्य पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है और उन्हें बार-बार यहां आने के लिए प्रेरित करता है. यह प्राकृतिक स्थल पेशरार प्रखंड मुख्यालय से लगभग 10 से 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. यहां तक पहुंचने का सफर भी काफी रोमांचकारी माना जाता है. रास्ते में घने जंगल, पहाड़ी क्षेत्र और प्राकृतिक नजारे पर्यटकों को विशेष अनुभव प्रदान करते हैं.

पगडंडी के रास्ते पहुंचते हैं पर्यटक

जय श्रीराम समिति के जिला संरक्षक अजय सोनी और ओम महतो ने बताया कि चौपत नदी और कुंड का यह क्षेत्र बेहद सुंदर और मनमोहक है. उन्होंने कहा कि जंगलों और पहाड़ों के बीच से गुजरते हुए पगडंडी मार्ग के जरिए नदी और कुंड तक पहुंचा जा सकता है. उन्होंने बताया कि इस स्थल तक मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहन से पहुंचा जा सकता है. हालांकि अंतिम चरण में करीब आधा किलोमीटर का रास्ता पैदल तय करना पड़ता है.

WhatsApp Image 2026-06-13 at 2.57.59 PM (1)

गर्मी में ठंडा, ठंड में गर्म महसूस होता है पानी

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार चौपत नदी के बीच स्थित इस कुंड से लगातार जल का प्रवाह होता रहता है. इसकी सबसे खास बात यह बताई जाती है कि गर्मी के मौसम में इसका पानी ठंडा और ठंड के मौसम में अपेक्षाकृत गर्म महसूस होता है. ग्रामीणों का मानना है कि इस कुंड के जल में औषधीय गुण मौजूद हैं. उनका कहना है कि इसमें स्नान करने से चर्म रोग, खुजली, फुंसी और अन्य त्वचा संबंधी समस्याओं में लाभ मिलता है. हालांकि इन दावों की चिकित्सकीय पुष्टि उपलब्ध नहीं है, लेकिन वर्षों से स्थानीय लोगों की आस्था इस कुंड से जुड़ी हुई है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण और पर्यटन स्थल के रूप में इसके विकास की मांग की है. उनका कहना है कि यदि यहां मूलभूत सुविधाएं, सूचना पट्ट और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए तो यह स्थान जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है.

प्रकृति, आस्था और रहस्य का संगम

प्राकृतिक सौंदर्य, स्थानीय मान्यताओं और आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत करने वाला चौपत नदी का यह कुंड आज भी अपने भीतर कई रहस्यों को समेटे हुए है. लोहरदगा की यह अनमोल धरोहर प्रकृति की गोद में शांति और सुकून की तलाश करने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.

ALSO READ: थाना प्रभारी पर मारपीट करने और एक लाख घूस मांगने का आरोप, SSP से शिकायत

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *