Ranchi : अनगड़ा के बैजनाथ टाटा गांव में विषैले करैत सांप के डंसने से पिता और पुत्र की मौत हो गई. मृतकों में सुधीर महतो (35 वर्ष) और उनका पुत्र रितेश महतो (10 वर्ष) शामिल हैं. इस घटना के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, गर्मी के कारण पिता पुत्र अपने कच्चे मकान में जमीन पर सोए हुए थे. इसी दौरान रात करीब एक बजे एक विषैले करैत सांप ने दोनों को डंस लिया, लेकिन नींद में होने के कारण उन्हें इसका अहसास नहीं हुआ. कुछ देर बाद जब पुत्र रितेश को उल्टी होने लगी, तब परिजनों की आंख खुली. इसी बीच घर वालों ने कमरे में सांप को देखा. लेकिन पिता-पुत्र ने सांप के डंसने की बात से इंकार कर दिया और सभी दोबारा सो गए.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सुबह जब दोनों की स्थिति ज्यादा बिगड़ने लगी, तो परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय पहले उन्हें झाड़-फूंक कराने लगे. हालत बेहद नाजुक हो गई, तब दोनों को रिम्स ले जाया गया. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के वक्त मृतक की पत्नी अपनी बेटी के साथ दूसरे कमरे में सोई हुई थी. जिससे वे सुरक्षित बच गईं. रिम्स में पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है. ग्रामीणों ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है.

ALSO READ : SSC कांस्टेबल GD परीक्षा में कदाचार का आरोपी मृत्युंजय की बेल पर 17 को सुनवाई
