Hazaribagh: लोकसभा क्षेत्र के हुड़हुडू स्थित फुडीज कैफे सभागार में आगामी सांसद खेल महोत्सव-2026 और नमो फुटबॉल टूर्नामेंट के व्यापक आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. इसमें सांसद मनीष जायसवाल सहित लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधियों, रेफरियों और टूर्नामेंट संचालन से जुड़े खेल प्रेमियों ने हिस्सा लिया. इस महामंथन में निर्णय लिया गया कि झारखंड के इस सबसे बड़े खेल आयोजन को इस वर्ष और अधिक अनुशासित, भव्य और उपयोगी बनाया जाएगा, जिसके तहत सभी 22 प्रखंडों में एक सप्ताह के भीतर मुकाबले शुरू कराकर महज एक पखवाड़े में टूर्नामेंट संपन्न कराया जाएगा. इसकी तिथि की घोषणा भी जल्द की जाएगी.
स्थानीय खेलों को भी मिलेगा मंच
खेल को राजनीतिक दांव-पेंच से दूर रखने की प्रतिबद्धता जताते हुए इस बार खिलाड़ियों को पारंपरिक पोटली के बजाय एक आकर्षक किट बैग में 15 सेट वर्ल्ड क्लास जर्सी दी जाएगी. फुटबॉल के साथ-साथ अन्य स्थानीय खेलों को भी इसमें शामिल किया जाएगा और खिलाड़ियों का डेटाबेस तैयार किया जाएगा. आयोजन समिति ने ऐसे मैदानों और समय के चयन पर जोर दिया है, जहां दर्शकों की भारी भीड़ जुटे, ताकि स्थानीय खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिल सके और युवाओं को नशाखोरी व अपराध की मानसिकता से दूर रखकर सामाजिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके.

युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखने का माध्यम है खेल
मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि हम राजनीतिक क्षेत्र के लोग हैं, लेकिन हमारे कई कार्य, जैसे बेटियों का सम्मान और खेल प्रतियोगिताएं, राजनीति से कतई प्रेरित नहीं होते. यह टूर्नामेंट सिर्फ हजारीबाग ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का सबसे बड़ा आयोजन है, जिसमें गत वर्ष 1,500 टीमों के 25 हजार खिलाड़ियों का समागम हुआ था. खेल युवाओं को आपराधिक मानसिकता और नशाखोरी से दूर रखता है. इसलिए इसे और अधिक भव्य बनाने तथा अधिक से अधिक स्थानीय टीमों को जोड़ने में आप सभी अपनी सामाजिक जवाबदेही निभाएं.
जनप्रतिनिधि और खेल प्रेमी रहे मौजूद
बैठक में सांसद मनीष जायसवाल, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, लोकसभा क्षेत्र के सह सांसद प्रतिनिधि विनोद झुनझुनवाला, रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, सदर विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा, मांडू विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि द्वारिका सिंह उर्फ खोखा सिंह, बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, बरही विधानसभा क्षेत्र के मुकुंद साव, सीसीएल सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडेय, सांसद प्रतिनिधि रेणुका साहू, दामोदर साव, अनूप ठाकुर, इंद्रनारायण कुशवाहा, बालदेव बाबू, कृष्णा साव, शिव साहू, बंटी तिवारी, भाजपा नेता अनिल मिश्रा, मुकेश कुमार, रंजन चौधरी, रूपम ओझा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.
