उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक सम्पन्न, पेयजल योजनाओं की समीक्षा कर दिए गए आवश्यक निर्देश

Seraikela : समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित...

Seraikela : समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में संचालित विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई. समीक्षा के क्रम में खराब चापाकलों, जलमीनारों एवं बंद पड़ी पेयजल योजनाओं की शीघ्र मरम्मति कर उन्हें पुनः संचालित करने तथा छूटे हुए ग्रामों एवं टोलों को नल-जल योजना से आच्छादित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए. बैठक में जल जीवन मिशन (JJM), सिंगल विलेज स्कीम (SVS), मल्टी विलेज स्कीम (MVS) तथा वित्त आयोग मद से संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं का नियमित अनुश्रवण किया जाए तथा जहां भी पेयजल आपूर्ति बाधित है वहां त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. विशेष रूप से ड्राई जोन एवं पेयजल संकटग्रस्त क्षेत्रों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. उप विकास आयुक्त ने निर्माणाधीन जलमीनारों एवं अन्य पेयजल संरचनाओं के कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं को समय पर पूर्ण कर क्रियाशील बनाया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके.

जलमीनार, चापाकल और पेयजल योजनाओं की सुरक्षा बढ़ाने पर जोर

बैठक में पेयजल आपूर्ति से संबंधित परिसंपत्तियों में उपकरणों की चोरी एवं क्षति पहुंचाने की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई. संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही जलमीनार, चापाकल एवं अन्य पेयजल परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए नियमित निगरानी एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए. उप विकास आयुक्त ने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. अतः सभी संबंधित पदाधिकारी नियमित क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की भौतिक स्थिति का निरीक्षण करें, प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें. बैठक में कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Also Read : पबिया व मदनाड़ीह सहित कई पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित, आवास प्लस सूची की हुई समीक्षा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *