Dumka : जिले के बंदोबस्त कार्यालय में एक बंदोबस्ती मामले को लेकर जमकर हंगामा हुआ. आक्रोशित लोगों ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी मनोज कुमार को उनके कार्यालय से बाहर निकालकर सीधे संथाल परगना प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय पहुंचा दिया. घटना से कुछ देर के लिए बंदोबस्त कार्यालय और आयुक्त कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
यह भी पढ़ें: होटवार जेल कांड : बाबूलाल मरांडी ने कहा – हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से इस पूरे काले तंत्र का पर्दाफाश होगा

क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार, विवाद एक बंदोबस्ती प्रकरण तथा उससे संबंधित अभिलेखों को लेकर उत्पन्न हुआ. मामले में कथित अनियमितता और दस्तावेजों को लेकर नाराज लोगों ने बंदोबस्त कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और लोग सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी को अपने साथ लेकर आयुक्त कार्यालय पहुंच गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए संथाल परगना प्रमंडलीय आयुक्त के सचिव ने तत्काल नगर थाना प्रभारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को कार्यालय तलब किया. इसके बाद आयुक्त कार्यालय में दोनों पक्षों की मौजूदगी में पूरे मामले की सुनवाई की गई और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली गई. सुनवाई के दौरान आयुक्त के सचिव ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी को निर्देश दिया कि संबंधित बंदोबस्ती मामले से जुड़े सभी अभिलेख, दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक रिकॉर्ड शाम तक उपलब्ध कराए जाएं, ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और तथ्यपरक समीक्षा की जा सके.
सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
सूत्रों के अनुसार, प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. दस्तावेजों के परीक्षण और तथ्यों के सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद दोनों कार्यालय परिसरों में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा. वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी.
शाम तक मांगे गए सभी अभिलेख
आयुक्त कार्यालय में हुई सुनवाई के दौरान संबंधित मामले के सभी अभिलेखों और दस्तावेजों को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया. प्रशासन का कहना है कि रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और उसके अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
