झिरी में कचरे से बन रही गैस, खत्म हो रहा कचरे का पहाड़; जनप्रतिनिधियों ने देखा ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मॉडल

Ranchi: रांची नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को झिरी स्थित सीबीजी प्लांट और लीगेसी वेस्ट साइट का दौरा कर कचरे के...

Ranchi: रांची नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने सोमवार को झिरी स्थित सीबीजी प्लांट और लीगेसी वेस्ट साइट का दौरा कर कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और उससे ऊर्जा उत्पादन की अत्याधुनिक व्यवस्था का जायजा लिया. उप महापौर नीरज कुमार समेत विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने ‘वेस्ट टू वेल्थ’ मॉडल का प्रत्यक्ष अनुभव लिया और इसे स्वच्छ रांची की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया.

गीले कचरे से तैयार हो रही कंप्रेस्ड बायो गैस

दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों ने गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा संचालित 150 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता वाले सीबीजी प्लांट का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने बताया कि शहर से निकलने वाले गीले कचरे को वैज्ञानिक प्रक्रिया से प्रोसेस कर स्वच्छ ईंधन यानी कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG) में बदला जा रहा है. इससे न केवल कचरे का बोझ कम हो रहा है, बल्कि हरित ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिल रहा है.

बायोरिमेडिएशन तकनीक से खत्म हो रहा कचरे का पहाड़

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल झिरी की लीगेसी वेस्ट साइट पहुंचा, जहां वर्षों से जमा कचरे के विशाल ढेर को बायोरिमेडिएशन तकनीक से खत्म करने का काम चल रहा है. जनप्रतिनिधियों ने देखा कि किस तरह पुराने कचरे का वैज्ञानिक उपचार कर जमीन को दोबारा उपयोग योग्य बनाया जा रहा है. निर्माणाधीन सी एंड डी वेस्ट प्लांट और आरडीएफ प्लांट की प्रगति एवं उपयोगिता की भी विस्तृत जानकारी दी गई.

ALSO READ: सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

कचरा पृथक्करण को जनआंदोलन बनाने की अपील

उप महापौर नीरज कुमार ने कहा कि स्वच्छ रांची का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक घर से ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करना शुरू करेगा. उन्होंने वार्ड पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *