Ranchi: झारखंड प्रशिक्षित माध्यमिक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में कदाचार के आरोपी प्रदीप प्रसाद के बेल पर मंगलवार को सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान एजेसी योगेश कुमार की अदालत ने केस डायरी मांग की है. केस डायरी पेश करने के लिए मामले के आइओ ने समय की मांग की. उसके बाद सुनवाई के लिए अदालत ने 16 जून की तिथि निर्धारित की है. मामले में आठ मई को परीक्षा केंद्र से ही कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था.
क्या है मामला
मामले में जेएसएससी के उप सचिव सह परीक्षा नियंत्रक बसीर अहमद के बयान पर टाटीसिलवे थाना में आठ मई को प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी. मामले में अभ्यर्थी प्रदीप प्रसाद, पंकज कुमार रवि, जितेंद्र कुमार साय, राखी कुमारी सहित सात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. जिसमें कहा गया है कि अभ्यर्थियों के पास अनुचित साधन जैसे चीट आदि बरामद की गयी थी. उक्त परीक्षा का आयोजन वीरूपैक्स डिजिटल हब, प्रयास टावर महिलौंग टाटीसिलवे स्थित परीक्षा केंद्र में आयोजित किया गया था. इसमें परीक्षा केंद्र के संचालक की भूमिका भी संदिग्ध पायी गयी. परीक्षा केंद्र की भूमिका संदिग्ध पाये जाने के बाद उस परीक्षा केंद्र को भी सील कर दिया गया है. मामले की जांच का जिम्मा डीएसपी अमर कुमार पांडेय को सौंपा गया है.

AlsoRead:सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
