अंडर-16 झारखंड स्टेट बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए बोकारो टीम का चयन ट्रायल संपन्न

Bokaro: आगामी 16 से 19 जून तक धनबाद में आयोजित होने वाली अंडर-16 झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए...

Bokaro: आगामी 16 से 19 जून तक धनबाद में आयोजित होने वाली अंडर-16 झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा बुधवार को बोकारो पब्लिक स्कूल, सेक्टर-3 के बास्केटबॉल कोर्ट में बालक एवं बालिका वर्ग का चयन ट्रायल आयोजित किया गया. ट्रायल में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाने का प्रयास किया.

खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल

इस अवसर पर बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सतेंद्र नारायण सिंह ने बोकारो पब्लिक स्कूल के प्रबंधन, निदेशक एवं प्राचार्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय हमेशा से जिला बास्केटबॉल संघ का सहयोग करता रहा है. उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न झारखंड सब-जूनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप में बोकारो की बालिका टीम ने स्वर्ण पदक तथा बालक टीम ने रजत पदक जीता था. इसमें बोकारो पब्लिक स्कूल के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.

चयनकर्ताओं ने परखी प्रतिभा

टीम चयन प्रक्रिया में संघ के टेक्निकल चेयरमैन अमित कुमार एवं कोषाध्यक्ष किंकर कृष्णा चयनकर्ता की भूमिका में उपस्थित रहे. कार्यक्रम को विशेष बनाने में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं भारतीय वायुसेना में कार्यरत राजीव रंजन तथा सुमित कुमार, मुकेश कुमार (इंडियन आर्मी) का महत्वपूर्ण योगदान रहा.

सफल आयोजन पर जताई खुशी

चयन ट्रायल के सफल संचालन में शांता मिश्रा, अनूप, पोलो, निशांत, वरुण, बंटी एवं प्रत्यूष सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई. संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि चयनित खिलाड़ी धनबाद में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बोकारो जिले का उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व करेंगे और जिले का नाम रोशन करेंगे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *