Giridih: जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. साइबर अपराध के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों और आरोपी के रिश्तेदारों ने हमला कर दिया. पुलिस पर जमकर पथराव किया गया, सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और गिरफ्तार साइबर अपराधी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाकर फरार करा दिया गया. इस हमले में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस
घटना अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिक सोरिया गांव की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, साइबर थाना गिरिडीह को गुप्त सूचना मिली थी कि साइबर अपराध के एक मामले में वांछित वारंटी चूरामन मंडल उर्फ चमलीटी अपने ससुराल चिक सोरिया गांव में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही साइबर इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन में बैठा लिया.

ग्रामीणों ने किया हमला
गिरफ्तारी के कुछ ही देर बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. आरोपी के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू कर दी गई.
Also Read: इंडिया में दरार का सपना देख रही BJP को लगेगा झटका, चुनावी पारदर्शिता पर एकजुट है गठबंधन : JMM
कई जवान घायल
अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. पथराव में थाना प्रभारी समेत कई जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन के शीशे और अन्य हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
आरोपी को छुड़ाकर फरार
हमले और अफरातफरी का फायदा उठाकर भीड़ ने गिरफ्तार साइबर अपराधी चूरामन मंडल को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया और उसे लेकर फरार हो गई.
छापेमारी जारी
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावरों की पहचान में जुट गई है. अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने, आरोपी को छुड़ाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दोषियों की तलाश तेज
इस घटना ने एक बार फिर साइबर अपराधियों और उनके संरक्षण में जुटे लोगों के बढ़ते दुस्साहस को उजागर कर दिया है. पुलिस फरार साइबर अपराधी और हमले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है.
