Lohardaga : उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज समाज कल्याण एवं संबंधित विभागों की बैठक समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित हुई. बैठक में महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई निर्देश दिए गए. नारी अदालत के लिए चिन्हित प्रखंड भंडरा अंतर्गत भंडरा पंचायत में एके सप्ताह के अंदर प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में नारी अदालत का गठन किये जाने व कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को जिला में ट्रांसजेंडर की संख्या का आकलन करने के लिए सर्वे करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि जिला में ट्रांसजेंडर का सर्वे करा कर और उन्हें आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराएं. सिविल सर्जन को कैम्प लगाकर चिह्नित ट्रांसजेंडर को आवश्यक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
शिक्षा विभाग को कार्ययोजना बनाने का निर्देश
जिला में निषिद्ध मादक पदार्थों के उपयोग से युवा पीढ़ी को बचाने हेतु विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में वृहद रूप से जागरूकता कार्यक्रम करने हेतु कार्ययोजना बनाने का निदेश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि जितने भी सरकारी कार्यक्रम सार्वजनिक स्तर पर आयोजित होते हैं वहां भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाए. जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को इसके लिए प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता कार्यक्रम हेतु बेहतर कार्ययोजना बनाने का निदेश दिया गया.

जिला पोषण समिति गठन का निर्देश
बैठक में जिला स्तर पर पोषण समिति गठित करने का निर्देश जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दिया गया. सिविल सर्जन लोहरदगा को स्वास्थ्य अंतर्गत बच्चों के टीकाकरण की प्रगति में सुधार का निर्देश दिया गया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों में दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन, एकीकृत सेंट्रलाइज किचेन चिरी का तैयार मध्याह्न भोजन, कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों/कल्याण आवासीय विद्यालयों में परोसे जाने वाले भोजन, अस्पतालों में दिए जाने वाले भोजन, निजी अस्पताल में मिलने वाले मरीजों का भोजन, सभी होटल/प्रतिष्ठानों में भोजन की गुणवत्ता व सैंपल की जांच कराने का निदेश दिया गया.
सेविका /सहायिका के रिक्त पदों को भरे जाने का निदेश
बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को सभी रिक्त सेविका व सहायिका के पदों को भरे जाने का निदेश दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि सभी आंगनवाड़ी के केंद्र नियमित रूप से खुलें और उनकी प्रविष्ट पोषण ट्रैकर एप पर अवश्य हो. आंगनबाड़ी केंद्रों में सुबह का नाश्ता और भोजन बच्चों को नियमित रूप से मिले. सेविका नियमित रूप से होम विजिट की प्रविष्टि पोषण ट्रैकर पर करें. 0-6 वर्ष की उम्र के बच्चों की शारीरिक माप ली जाय. सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर vhsnd सौ प्रतिशत आयोजित की जाय. जहां आंगनवाडी केंद्र के अपने भवन की कमी है उन्हें नवनिर्मित मल्टीपर्पस सेंटर में संचालित किए जाने का निदेश दिया. अपार आईडी जेनरेशन के लिए शिक्षा विभाग के साथ संबंधित पंचायत भवन में शिविर आयोजित करने का निदेश दिया. सभी सेविका सहायिका को अतिकुपोषित बच्चो की पहचान करने का निदेश दिया गया. आज की बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोका चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.
