Bokaro: कसमार प्रखंड के चंडीपुर में दुर्गा मंदिर से हरि मंदिर के रास्ते में गंदे पानी का जलजमाव होने के कारण ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है. इसे लेकर ग्रामीणों ने बैठक कर मंत्री योगेंद्र प्रसाद से मिलकर पाइप लाइन बिछाने व जल निकासी का काम कराने का निर्माण लिया है. बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि चंडीपुर मुख्य पथ में कतिपय ग्रामीणों की मनमानी एवं अपने-अपने घरों के गंदे जल की निकासी के कारण पैन के पास इन दिनों लगभग एक से डेढ़ फीट जलजमाव हो गया है.
मामला लगभग तीन से चार साल पुराना
ग्रामीणों ने बताया कि यह मामला लगभग तीन से चार साल पुराना है. इसके बाद दो साल पूर्व मुखिया राजेंद्र महतो की पहल पर नाली किनारे लगभग 80 घरों में मनरेगा योजना से सोख्ता का निर्माण कराया गया, ताकि नाली में गंदे पानी की निकासी न हो. इसके बावजूद ग्रामीणों ने सोख्ता के बावजूद सड़क किनारे नाली में ही जलनिकासी का कार्य जारी रखा, जिससे सड़क पर जलजमाव से ग्रामीणों को मुक्ति नहीं मिली. इस रास्ते से ही चंडीपुर के ग्रामीण दुर्गा मंदिर पूजा-अर्चना करने जाते हैं, लेकिन सभी गंदे पानी से होकर ही मंदिर जाने को विवश है.

मंत्री से की जाएगी बड़े आकार के सोख्ता की मांग
ग्रामीणों ने बैठक में तय किया है कि मंत्री योगेंद्र प्रसाद से मिलकर मांग की जाए, कि हरि मंदिर से लेकर दुर्गा मंदिर के सामने पैन तक दो फीट का पाइप लाइन बिछाया जाए, ताकि इस पाइप से बरसात के पानी की निकासी गांव से बाहर निमाय महतो के खेत तक हो सके. साथ ही पूर्व में निर्मित नाली को जाम कर दिया जाए, ताकि इस नाली से ग्रामीण गंदे जल की निकासी न कर सके. ग्रामीणों ने बताया कि पाइप लाइन के पानी के लिए बड़े आकार के सोख्ता के लिए भी मंत्री से गुहार लगाएंगे. ग्रामीणों ने बताया कि जल्द से जल्द इस मुद्दे पर पहल नहीं हुई तो रास्ते में गंदे पानी के जलजमाव से महामारी या अन्य बरसाती बीमारियों की आशंका है.
यह भी पढ़ें: बोकारो: मंगलचंडी मंदिर से लेकर मेन रोड तक लाइट व्यवस्था कराने की मांग
