Gumla: अवैध पशु तस्करी का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन हो रहे हादसे इसकी तस्वीर बयां कर रहे हैं. ताजा मामला चैनपुर अनुमंडल अंतर्गत रायडीह थाना क्षेत्र का है, जहां कासीर कोयनार टोली के समीप पशुओं से लदा तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया और दो बार पलट गया.
इस हादसे में पिकअप में क्रूरतापूर्वक लादे गए 3 पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 पशु गंभीर रूप से घायल हो गए. जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात चैनपुर की ओर से पिकअप वाहन संख्या जेएच07एल9443 तेज रफ्तार से आ रहा था. कोयनार टोली के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद वाहन सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया.

सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय
दुर्घटना के बाद चालक और वाहन में सवार तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ. सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र राम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने मृत और घायल पशुओं को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है.
ALSO READ: चाईबासा: अलग-अलग जगहों पर वज्रपात से एक महिला समेत दो घायल
