Ranchi: झारखंड में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट-यूजी री-एग्जाम को कदाचारमुक्त, सुरक्षित और सफल बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह मुस्तैद हो गई है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक से मिले निर्देशों के बाद झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव, उमा शंकर सिंह ने राज्य के सभी जिलों (सरायकेला-खरसावां और जामताड़ा को छोड़कर) के डीसी और एसपी को एक महत्वपूर्ण पत्र जारी किया है.
इस परीक्षा की पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए 12 जून यानि आज शाम चार बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिं के माध्यम से एक उच्च स्तरीय समीक्षात्मक बैठक बुलाई गई है.

10 जून की बैठक में NTA महानिदेशक ने दिए थे निर्देश
इससे पहले 10 जून को एनटीए के महानिदेशक की अध्यक्षता में स्टेट लेवल कोऑर्डिनेशन की एक बैठक संपन्न हुई थी. इस बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कई कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिन पर आज की बैठक में समीक्षा की जाएगी.
Also Read: पार्टी में बुलाकर रेप करने के आरोपी फहाद की बेल पर कोर्ट ने मांगी केस डायरी
इन मुख्य बिंदुओं पर होगी समीक्षा
– जिला स्तरीय समन्वय समितियों के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता तैयारियां और बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना.
– जिला पुलिस प्रशासन के सहयोग से सभी केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की सख्त चेकिंग और कानून-व्यवस्था बनाए रखना.
– परीक्षा केंद्रों के बुनियादी ढांचे, लॉजिस्टिक्स, पहुंच और सुरक्षा का भौतिक निरीक्षण करना.
– सभी केंद्रों पर बिना किसी बाधा के बिजली की आपूर्ति, पीने का पानी, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना.
– परीक्षा केंद्रों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखना और भीड़ को नियंत्रित करना.
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और सुरक्षा मॉक ड्रिल को लेकर विशेष तैयारी:
चूंकि परीक्षा के ही दिन यानी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भी है, इसलिए विभाग ने विशेष तौर पर निर्देश दिया है कि योग दिवस के कार्यक्रमों या गतिविधियों के कारण परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार का व्यवधान पैदा न हो.
इसके अलावा, परीक्षा से ठीक एक दिन पहले यानी 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और चेकिंग व्यवस्था को लेकर एक ‘मॉक ड्रिल का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि परीक्षा के दिन किसी भी चूक से बचा जा सके.
