Bermo: बोकारो थर्मल के जीएम कॉलोनी स्थित वैष्णो माता मंदिर सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को गोविंदपुर डी पंचायत सचिवालय में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया चंदना मिश्रा ने की. बैठक में ट्रस्ट की फाउंडर सुदेश बाला सकूजा, अध्यक्ष अमित सकूजा, सचिव प्रकाश ठक्कर, कोषाध्यक्ष धर्म सिंह और विशाल सकूजा मुख्य रूप से उपस्थित थे.
पारदर्शिता के साथ बनाई गई चढ़ावे की लिस्ट
बैठक के बाद जानकारी देते हुए ट्रस्ट के प्रवक्ता रंजीत छाबड़ा ने बताया, कि गत 6 जून को ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों और कमेटी सदस्यों की मौजूदगी में मंदिर के स्टोर रूम का ताला खोला गया था. वहां माता रानी के चढ़ावे के रूप में मिले सोना-चांदी के आभूषण, कपड़े और नकद राशि को निकालकर उसकी एक विस्तृत लिस्ट (सूची) तैयार की गई. पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस लिस्ट की एक-एक प्रति पंचायत की मुखिया, स्थानीय थाना और मंदिर के रिकॉर्ड रूम में सुरक्षित रखवाई गई है.

संचालन कमेटी करेगी, ट्रस्ट करेगा देखभाल
प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि ट्रस्ट का निर्माण मंदिर की देखरेख और अन्य व्यवस्थाओं के लिए किया गया है, जबकि मंदिर का दैनिक संचालन मंदिर कमेटी द्वारा ही किया जाएगा. उन्होंने खेद जताते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा अकारण ही मंदिर को लेकर विवाद पैदा किया जा रहा है. सोशल मीडिया और आम जनता के बीच एक विशेष परिवार को निशाना बनाया जा रहा है, जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. जिस परिवार ने 35 वर्ष पूर्व मंदिर के लिए जमीन दी और इसका निर्माण कराया, आज उन्हें ही बेवजह तमाशबीन बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जो सरासर गलत है.
मंदिर को राजनीति का अखाड़ा न बनाएं- मुखिया
मामले पर अपनी बात रखते हुए पंचायत की मुखिया चंदना मिश्रा ने कहा कि मंदिर कमेटी और ट्रस्ट की ओर से उन्हें दान व चढ़ावे में मिली सभी सामग्रियों, आभूषणों और नकदी की प्रामाणिक सूची सौंप दी गई है. उन्होंने अपील करते हुए कहा कि मंदिर एक पवित्र स्थल है, इसे बेवजह राजनीति का अखाड़ा बनाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए. ऐसा करना पूरी तरह अनुचित है. बैठक में विशाल सकूजा, रविनंदन पंडित सहित कई लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: ईचागढ़ प्रखंड में “खेत बचाओ अभियान” के तहत किसान जागरूकता सह ऋण शिविर आयोजित
