Chaibasa : मनोहरपुर विधानसभा के सोनुवा प्रखंड अंतर्गत पौढ़ाहाट पंचायत में शनिवार को बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों औरं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक को संबोधित करते हुए जिला मंत्री रानी बानदिया ने प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी उपस्थित ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं को दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है. वहीं आयुष्मान भारत योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थय सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
उज्जवला योजना से महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया. जिससे महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है. इसके अलावा केंद्र सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया. बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर केंद्र सरकार की नीतियों की सराहना की. साथ ही सभी से इन योजनाओं की जानकारी जन जन तक पहुंचाने और पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया.
बैठक में पंचायत के गणमान्य नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

ALSO READ : केंद्र में DG पद के लिए झारखंड कैडर के संजय ए लाठकर समेत 33 आईपीएस अधिकारियों का इम्पैनलमेंट मंजूर
