Giridih: जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर एसपी डॉ. विमल कुमार ने सख्त रुख अपनाया है. समीक्षा बैठक में कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर तीन थाना प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस (शोकॉज) जारी किया गया है.
जानकारी के अनुसार, जिला स्तर पर आयोजित समीक्षा बैठक में लंबित कांडों, अनुसंधान की स्थिति और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की गई. इस दौरान कुछ थानों में मामलों के निष्पादन और अनुसंधान कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर एसपी ने जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, सरिया थाना प्रभारी पिक्कू कुमार और तीसरी थाना प्रभारी शम्भूनाथ ईश्वर से जवाब तलब किया है.

SP की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप
SP ने निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने और अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाने का निर्देश दिया. SP की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. इसे जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
ALSO READ: केंद्र में DG पद के लिए झारखंड कैडर के संजय ए लाठकर समेत 33 आईपीएस अधिकारियों का इम्पैनलमेंट मंजूर
