palamu : उत्तर प्रदेश में हुए एक भीषण सड़क हादसे में पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. मिली जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर के रहने वाले हाफिज रज्जाक, कैश अंसारी, शोहराब राईन और एक चालक किछौछा शरीफ के दर्शन कर कार से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान उत्तर प्रदेश में उनकी कार की एक तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई.
वाहन में सवार सभी लोगों की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार सभी लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और चारों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में मेदिनीनगर के प्रसिद्ध किताब घर संचालक हाफिज रज्जाक, कैश अंसारी और शोहराब राईन शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं पूरे मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. साथ ही शवों को उनके गृह जिला पलामू लाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र के लोगों में गहरा दुख और संवेदना का माहौल है.

Also Read : हजारीबाग: घर में खून से लथपथ मिला वृद्ध महिला का शव, हत्या की आशंका
