Giridih: बेंगाबाद प्रखंड स्थित प्रसिद्ध खंडोली पर्यटन स्थल को पर्यटन विकास की दिशा में एक और नई सौगात मिली. खंडोली के युवाओं की पहल पर लाई गई नई बोट (नाव) का उद्घाटन शनिवार को राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने विधिवत फीता काटकर किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पर्यटक प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने कहा कि खंडोली पर्यटन स्थल केवल गांडेय विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे गिरिडीह जिले और झारखंड राज्य की पहचान बन चुका है. यहां की प्राकृतिक सुंदरता, विशाल जलाशय और मनोरम वातावरण हर वर्ष हजारों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है. उन्होंने कहा कि नई बोट के संचालन से पर्यटकों को खंडोली डैम का नजारा और भी करीब से देखने का अवसर मिलेगा, जिससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.
पर्यटन से युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर
सांसद ने स्थानीय युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है. ऐसे प्रयास न केवल पर्यटन को विकसित करते हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करते हैं. उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में खंडोली पर्यटन स्थल में और भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे यह राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी अलग पहचान बनाए रखेगा.
ALSO READ: 12 दिन बाद भी नहीं मिले करण-अर्जुन-शिवा, भाजपा का फूटा गुस्सा; सैकड़ों लोगों ने निकाला मशाल जुलूस
नई बोट से पर्यटकों को मिलेगी बेहतर सुविधा
मौके पर उपस्थित लोगों ने नई बोट के उद्घाटन पर खुशी जताई और इसे पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. स्थानीय युवाओं ने कहा कि नई बोट के संचालन से पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा खंडोली आने वाले सैलानियों की संख्या में भी वृद्धि होगी. उद्घाटन के बाद सांसद ने बोट का निरीक्षण किया और इसके सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं.


