Giridih: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने रविवार को गिरिडीह शहर स्थित उत्सव उपवन सभागार में बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सह बूथ सम्मेलन का आयोजन किया. कार्यक्रम में जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में बीएलए-2, बूथ कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए. सम्मेलन के माध्यम से पार्टी ने आगामी SIR प्रक्रिया को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट की और कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
सम्मेलन में विधायक कल्पना सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे
कार्यक्रम की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की. सम्मेलन में राज्य सरकार के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन, झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय, राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा, धनवार के पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.
मतदाताओं की सूची की बारीकी से जांच करें बीएलए-2- नगर विकास मंत्री
सम्मेलन को संबोधित करते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा, कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए. उन्होंने कहा कि बीएलए-2 और बूथ कमेटी के कार्यकर्ताओं की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं की सूची की बारीकी से जांच करें. उन्होंने कहा कि “SIR रूपी इस चुनौतीपूर्ण जंग को भी झारखंड मुक्ति मोर्चा पूरी मजबूती के साथ जीतेगी. इसके लिए बूथ स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है. एक भी वोट कटे नहीं, इस पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है.”
विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर दिया विशेष जोर
गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया में महिलाओं के दस्तावेजों को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि विवाह के बाद महिलाओं का निवास स्थान बदल जाता है. उन्होंने कहा कि “बेटी के रूप में महिलाएं अपने मायके से बाहर जाती हैं और बहू बनकर दूसरे गांव या शहर में आती हैं. ऐसे में उनके दस्तावेजों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. बूथ कमेटी के सदस्य अभी से महिलाओं के आवश्यक दस्तावेजों को व्यवस्थित कराने का कार्य शुरू करें.” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की, कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से न कटे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो.
पार्टी SIR प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह गंभीर- केंद्रीय महासचिव
झामुमो के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा, कि पार्टी SIR प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह गंभीर है. उन्होंने कहा कि बूथ कमेटी से लेकर केंद्रीय नेतृत्व तक इस प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जा रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी का स्पष्ट उद्देश्य है कि पात्र मतदाता किसी भी स्थिति में मतदाता सूची से वंचित न रहें और अपात्र लोगों के नाम सूची में शामिल न हों.
जागरूकता और सतर्कता से ही की जा सकती है मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा- राज्यसभा सांसद
राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा, कि यदि SIR प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या सामने आती है, तो तत्काल वरिष्ठ पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दें. उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता के माध्यम से ही मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा की जा सकती है. जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि झामुमो लगातार अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर रही है, ताकि वे चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े सभी पहलुओं को बेहतर ढंग से समझ सकें. वहीं धनवार के पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी ने कहा, कि अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाताओं को लेकर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सूची से बाहर न रह जाए.
शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई सम्मेलन की शुरुआत
कार्यक्रम को डुमरी विधानसभा क्षेत्र के नेता अखिलेश महतो राजू और प्रणव वर्मा ने भी संबोधित किया. उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मतदाता सूची पुनरीक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. सम्मेलन की शुरुआत शहीद बेदी पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई. इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया. रांची से आई विशेषज्ञ टीम ने SIR प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके विभिन्न चरणों को सरल भाषा में समझाया. प्रशिक्षण के दौरान बीएलए-2 और बूथ कमेटी के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा SIR से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी वितरित किए गए.
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला सचिव महालाल सोरेन, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पू, शाहनवाज अंसारी, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, दिलीप मंडल, बबली मरांडी, नगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, नुनूराम किस्कू उर्फ टाइगर, कोलेश्वर सोरेन, गोपिन मुर्मू, बरकत अली, महाबीर मुर्मू, सन्नी रैन, दिलीप रजक, प्रमिला कुमारी, प्रीति भास्कर, अनामिका मुर्मू, राकेश रंजन, मेहताब मिर्जा, खुरशीद अनवर हादी, शफीक अंसारी, प्रधान मुर्मू, बिरजू मरांडी, अनवर अंसारी, राकेश कुमार सिंह, मोनू सिंह, हलधर राय, मुकेश केशरी और चांद रसीद सहित जिले भर के प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे. सम्मेलन में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही, जिससे संगठन की सक्रियता और SIR प्रक्रिया को लेकर उसकी गंभीरता स्पष्ट रूप से देखने को मिली.
यह भी पढ़ें: बोकारो: तेज रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से टेंपो चालक की मौत


