Chakradharpur: चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत इटिहासा पंचायत के ग्राम उंचीबीता में रविवार को गाजीडीह-उंचीबीता नाला पर बनने वाले गार्डवाल निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया. विधायक सुखराम उरांव की अनुपस्थिति में उनके विधायक प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम ने पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. जानकारी के अनुसार, गाजीडीह-उंचीबीता नाला में बनने वाले इस गार्डवाल का निर्माण लघु सिंचाई प्रमंडल, चाईबासा द्वारा कराया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी योजना पर लगभग 3 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत आएगी. गार्डवाल निर्माण से क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा बरसात के दौरान होने वाले कटाव और क्षति से ग्रामीणों को राहत मिलेगी.
जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है. यह योजना क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों के लिए लाभकारी साबित होगी और स्थानीय विकास को नई गति प्रदान करेगी.
ALSO READ: संजय मिश्रा बने भाजपा के सोशल मीडिया प्रभारी, संदीप साव को मिली सह प्रभारी की जिम्मेदारी
ग्रामीणों ने जताई खुशी
कार्यक्रम में झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम, प्रखंड सचिव ताराकांत सिजुई, अजीत मोदी, जितेन सोय, ग्रामीण मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. ग्रामीणों ने गार्डवाल निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया.


