Bokaro: भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से रेलवे एस्कॉर्ट एंड गाइड ने “ग्रीन ऑपरेशन प्रोजेक्ट” के तहत एक सराहनीय पहल की है. ग्रीन लेडी ऑफ बोकारो ज्योतिर्मय डे राणा के नेतृत्व में रविवार को स्काउट एंड गाइड के करीब 30 सदस्यों ने मिलकर खाली पड़े नारियल एकत्रित किया. इन नारियलों को काट-छांट कर आकर्षक घोंसलों का रूप दिया गया, जिसे प्राकृतिक आवास की तरह तैयार कर आसपास के पेड़ों में टांगा गया. विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे नारियल के खोल अंदर से ठंडे रहते हैं, जो पक्षियों के लिए सुरक्षित व अनुकूल वातावरण प्रदान करते हैं. इस पहल के तहत विशेष रूप से गौरैया संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर घोंसले लगाए गए, जिससे उन्हें सुरक्षित आश्रय मिल सके.
पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
कार्यक्रम के दौरान ज्योतिर्मय डे राणा ने संस्था को एक पोर्टेबल स्पीकर भेंट कर सदस्यों का उत्साहवर्धन किया. मौके पर मौजूद एस्कॉर्ट एंड गाइड के चिन्मय मुखर्जी, संजीव अधिकारी, मनोज राय, अमित गुप्ता, सुबोध कुमार, विकास कुमार, रीना कुमारी, काजल कुमारी सहित अन्य सदस्यों ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.


